अवैध पिस्टल व 2 जिंदा कारतूस के साथ शातिर आरोपी गिरफ्तार, जवाजा पुलिस और DST की संयुक्त कार्रवाई

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|जिले में अवैध हथियारों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ब्यावर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला स्पेशल टीम (DST) और पुलिस थाना जवाजा ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे पर ए-श्रेणी नाकाबंदी के दौरान एक कार से अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह (IPS) के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनियां एवं वृत्त अधिकारी (ब्यावर) राजेश कसाना (RPS) के सुपरविजन में यह कार्रवाई थानाधिकारी डॉ. नवल किशोर के नेतृत्व में अंजाम दी गई।

लाल रंग की कार से मिला अवैध हथियार
प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 जुलाई को शेरो बाला नेशनल हाईवे पर पुलिस टीम द्वारा ए-श्रेणी की सघन नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान भीम की तरफ से आ रही एक संदिग्ध लाल रंग की कार (क्रमांक RJ 14 CJ 3735) को रुकवाकर तलाशी ली गई। कार चालक ने अपना नाम चन्द्रप्रकाश (26) पुत्र लादू राम जीनगर, निवासी शक्ति नगर (देवगढ़, जिला राजसमंद) बताया। वाहन की गहनता से तलाशी लेने पर उसमें से एक अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए, जिसके बाद आरोपी को मौके पर ही दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया गया।

पूर्व में भी दर्ज है आपराधिक मामला
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना जवाजा में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मामला (प्रकरण संख्या 216/2026) दर्ज किया है। पुलिस पड़ताल में सामने आया है कि आरोपी चन्द्रप्रकाश के विरुद्ध पूर्व में भी थाना देवगढ़ (राजसमंद) में मारपीट व गंभीर धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज है। फिलहाल पुलिस आरोपी से हथियार की खरीद-फरोख्त और इसके संभावित उपयोग को लेकर गहनता से पूछताछ कर रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस कार्रवाई में जवाजा थानाधिकारी डॉ. नवल किशोर, DST प्रभारी निरीक्षक राज दिपेन्द्र सिंह, सउनि रामजस, सउनि जितेन्द्र सिंह, साइबर सैल प्रभारी सउनि सरफराज, सउनि सुबेसिंह, एएसआई जगवेन्द्र सिंह, कांस्टेबल प्रहलाद, सुरेंद्र सिंह, जसराज एवं जितेन्द्र की मुख्य भूमिका रही।