पूज्य गुरुदेव हरिदास जी महाराज के सान्निध्य में होगा आयोजन, श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
दिलखुश मोटीस
सावर(अजमेर)@स्मार्ट हलचल|सावर उपखंड क्षेत्र के मेहरूकला स्थित प्राचीन नृसिंह मंदिर में बुधवार को गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा आयोजन समिति और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का माहौल है।
भक्त भानु प्रताप सिंह शक्तावत ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आषाढ़ शुक्ल पूर्णिमा के पावन अवसर पर पूज्य गुरुदेव हरिदास जी महाराज के सान्निध्य में गुरु पूर्णिमा महोत्सव आयोजित होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8:15 बजे बालाजी महाराज एवं ठाकुरजी के विधिवत पूजन-अर्चन से किया जाएगा।
इसके पश्चात प्रातः 10:15 बजे श्रद्धालुओं के लिए विशाल भोजन प्रसादी का आयोजन रखा गया है। महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरु पूजन कर गुरुजनों का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गुरु पूर्णिमा महोत्सव में भाग लेने एवं धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है।
