व्यापारियों से लाखों की लूट का पर्दाफाश: रास थाना व साइबर सेल की बड़ी कार्रवाई, 3 आरोपी गिरफ्तार, 1 बाल अपचारी निरुद्ध

अनिल कुमार

ब्यावर/रास।स्मार्ट हलचल|रास थाना पुलिस और जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कुड़की सरहद में कपड़ा व्यापारियों से गनपॉइंट पर लाखों रुपये की नकदी और टाटा नेक्सन कार लूटने की सनसनीखेज वारदात का त्वरित पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को संरक्षण में लिया है।

पिस्तौल दिखाकर कार और कैश से भरे बैग लूटे थे
जानकारी के अनुसार जोधपुर निवासी कपड़ा व्यापारी राजेश टेलर और विमल टेलर क्षेत्र के जैतारण, आनंदपुर कालू, लांबिया और रास की दुकानों से व्यापारिक कलेक्शन कर अपनी टाटा नेक्सन कार से पीसांगन जा रहे थे। दोपहर करीब 1:30 बजे कुड़की महादेव मंदिर के पास दो मोटरसाइकिलों पर आए चार बदमाशों ने उनकी कार के आगे गाड़ी लगाकर रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने व्यापारी के सिर पर हथियार (बंदूक) लगाकर मारपीट की और मोबाइल, पर्स, कार की चाबी सहित कार की पिछली सीट पर रखे लाखों रुपये से भरे दो बैग व टाटा नेक्सन कार लूटकर फरार हो गए।

CCTV और साइबर सेल की मदद से मिले सुराग
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अजमेर रेंज आईजी डॉ. रवि सभरवाल और ब्यावर एसपी रतन सिंह के निर्देशन तथा एएसपी डॉ.अनुकृति उज्जैनिया व डीएसपी रमेन्द्र सिंह हाडा के सुपरविजन में रास थानाधिकारी मंजू मुलेवा के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली। साइबर सेल प्रभारी सउनि सरफराज और रास पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण व मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें दबोच लिया।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार:
पुलिस ने वारदात में शामिल राबड़ियावास (थाना रास) निवासी महेन्द्रसिंह (22), गुलाब (25) और प्रकाश (24) को गिरफ्तार किया है, वहीं एक नाबालिग बालक को निरुद्ध किया है।

थानाधिकारी मंजू मुलेवा ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों ने लूट की वारदात करना स्वीकार कर लिया है। पुलिस फिलहाल आरोपियों से लूटी गई धनराशि, टाटा नेक्सन कार और वारदात में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी को लेकर गहन अनुसंधान कर रही है।