कोटड़ा फायरिंग मामला: ब्यावर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पुरानी रंजिश में गोली चलाने वाला नाबालिग डिटेन

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|जिले के जवाजा थाना क्षेत्र के कोटड़ा गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला कर फायरिंग करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशानुसार पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल एक ‘विधि से संघर्षरत किशोर’ (नाबालिग) को डिटेन (दस्तयाब) कर लिया है।

क्या थी पूरी घटना?
जानकारी के अनुसार, 21 जुलाई 2026 की रात करीब 9:00 बजे लाखा मादा का बाड़िया (कोटड़ा) निवासी जय सिंह पुत्र रोड सिंह अपने घर के पास सड़क पर था। इसी दौरान गोल निम्बडी चौराहा की तरफ से दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर 5 लड़के आए। एक-दो दिन पुरानी आपसी कहासुनी और रंजिश के चलते हमलावरों ने जय सिंह पर सीधी गोली चला दी।

गोली जय सिंह के पेट के दाहिनी तरफ लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी मोटरसाइकिलों से कोटड़ा चौराहे की तरफ तेज गति में फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल जय सिंह को तुरंत इलाज के लिए अजमेर के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई व साइबर सेल की मदद
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनियां और पुलिस उप अधीक्षक राजेश कसाना के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी (जवाजा) डॉ. नवल किशोर के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया।

मामले की जांच में साइबर सेल प्रभारी सउनि सरफराज और हेड कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह (विशेष योगदान) की टीम ने पारंपरिक व तकनीकी साक्ष्यों का संकलन किया। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल एक नाबालिग को दस्तयाब कर लिया।

दर्ज मामला:

पुलिस ने पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट पर एफआईआर संख्या 215/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 189 (2), 190, 109 (1) तथा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीकृत किया है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी
पकड़े गए नाबालिग से घटना के अन्य कारणों और फरार साथियों के बारे में गहनता से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।