8 परिवारों का वर्षों पुराना भूमि विवाद सुलझा, पट्टा मिलते ही बोले- “अब आसानी से मिलेगा होम लोन”

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|ग्राम पंचायत राजियावास में “सेवा पर्व पखवाड़ा 2026” के अंतर्गत आयोजित एक दिवसीय “फॉलोअप कैंप – ग्रामीण सेवा शिविर” में जनसमस्याओं के निस्तारण के साथ-साथ वर्षों पुराने भूमि विवादों का सफलतापूर्वक समाधान किया गया। शिविर में 407 ग्रामीणों की उपस्थिति रही, जिनमें से 204 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।शिविर प्रभारी तहसीलदार मोहरसिंह एवं सह प्रभारी सहायक विकास अधिकारी उम्मेद ओलानिया के सानिध्य में आयोजित इस शिविर में प्रशासनिक तत्परता देखने को मिली। ग्राम विकास अधिकारी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि राजियावास निवासी कैलाश सिंह को आवासीय पट्टा प्रदान किया गया, जिस पर उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि पट्टा मिलने से अब बैंक से होम लोन लेने की प्रक्रिया आसान हो जाएगी।

वहीं राजस्व विभाग ने शिविर में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 24 खसरों की 2.8804 हेक्टेयर भूमि का 8 खातेदारों के बीच आपसी सहमति से बंटवारा करवाया। पटवारी शिवदयालसिंह ने बताया कि इस निस्तारण से सभी परिवारों को उनकी भूमि की डिजिटल पहचान मिल गई है।

प्रशासक ब्रजपालसिंह रावत ने बताया कि शिविर में जन आधार, पेंशन, नामांतरण, बिजली, पानी व सड़क से जुड़ी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जिससे यह शिविर सरकार और ग्रामीणों के बीच सीधे संवाद का माध्यम बना।