लांयस क्लब कोटा ने रोपे 51 पौधे,250 मरीजो को औषधीय जड़ी-बूटियों काढा पिलाया
कोटा।स्मार्ट हलचल|जनस्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामाजिक दायित्व निभाते हुए लायंस क्लब कोटा ने डिस्ट्रिक्ट 3233 E2 की वार्षिक थीम फ्लाईट फॉर ड्रीम के अंतर्गत दाऊदयाल जोशी राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय, तलवंडी में आयुर्वेदिक काढ़ा वितरण एवं वृहद पौधारोपण अभियान आयोजित किया। कार्यक्रम के माध्यम से मौसमी बीमारियों से बचाव और हरित वातावरण के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया गया।
चिकित्सालय के प्राचार्य डॉ. नित्यानंद ने क्लब सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय का भ्रमण कराया। उन्होंने औषधीय जड़ी-बूटियों से तैयार आयुर्वेदिक दवाओं की निर्माण प्रक्रिया, प्रयोगशाला की कार्यप्रणाली तथा पारंपरिक एवं वैज्ञानिक पद्धतियों की जानकारी दी।
क्लब अध्यक्ष रमेश शर्मा ने बताया कि सेवा के साथ स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण क्लब की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से लगभग 250 मरीजों तथा चिकित्सालय के मेडिकल स्टाफ को औषधीय जड़ी-बूटियों से तैयार विशेष आयुर्वेदिक काढ़ा वितरित किया गया।
सचिव लक्ष्मीकांत पारीक ने बताया कि कार्यक्रम के दूसरे चरण में ग्रीन एटीएम अभियान के तहत चिकित्सालय परिसर में 51 पौधो का रोपण किया गया। डॉ. रेवती रमण पारीक व डॉ. इमरान के सहयोग से आयोजित इस अभियान में क्लब सचिव लायन लक्ष्मीकांत पारीक ने कहा कि पौधारोपण आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प है। अभियान में प्रमिला पारीक, शरद चंद्र जैन, विजय काबरा, वीरेंद्र विजय, विनोद अजवानी सहित अनेक सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
