(महेन्द्र नागौरी)
स्मार्ट हलचल|उदयपुर में उपचार के दौरान तोड़ा दम; कर्तव्य पर जाने की तैयारी के बीच हुआ हादसा, पूरे जिले में गम का माहौल|भीलवाड़ा पुलिस महकमे के लिए बुधवार का दिन बेहद दुखद साबित हुआ। शहर के सदर थाना प्रभारी लोकपाल सिंह (38) ने उदयपुर के अस्पताल में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। मंगलवार शाम सर्विस रिवॉल्वर से चली गोली उनकी कनपटी में लगने के बाद उन्हें गंभीर अवस्था में पहले भीलवाड़ा और फिर ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उदयपुर रेफर किया गया था। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने के हरसंभव प्रयास किए, लेकिन बुधवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम लोकपाल सिंह नाकाबंदी ड्यूटी के लिए घर पर वर्दी पहनकर तैयार हो रहे थे। इसी दौरान उनकी सर्विस रिवॉल्वर से अचानक गोली चल गई, जो उनकी कनपटी में जा लगी। गोली लगते ही परिजनों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। महात्मा गांधी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्रीन कॉरिडोर बनाकर करीब 157 किलोमीटर दूर उदयपुर के अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
लोकपाल सिंह अपने कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और सौम्य स्वभाव के कारण पुलिस महकमे में अलग पहचान रखते थे। उनके निधन की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आमजन ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत अधिकारी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दुखद घटना के बाद पूरे जिले में शोक का माहौल है। पुलिस विभाग आवश्यक कानूनी एवं विभागीय प्रक्रिया पूरी कर रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोली चलने की परिस्थितियों की जांच भी जारी है।
श्रद्धांजलि:-
“कर्तव्य की वर्दी पहनकर ड्यूटी पर निकलने की तैयारी थी, लेकिन नियति ने एक समर्पित पुलिस अधिकारी को हमेशा के लिए हमसे छीन लिया।”
