6 तकनीकी कार्मिक हटे तो चरमराई बिजली व्यवस्था, AVVNL के खिलाफ फूटा जनाक्रोश

(महेन्द्र नागौरी)

बापूनगर सब-डिवीजन में लाइनमैनों की कमी से बढ़े फॉल्ट, जनहित में रिलीव आदेश रद्द करने की मांग

भीलवाड़ा| स्मार्ट हलचल|शहर-द्वितीय बापूनगर सब-डिवीजन से 6 तकनीकी कार्मिकों को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के रिलीव किए जाने से बिजली व्यवस्था प्रभावित होने का मामला गरमा गया है। भाजपा ओबीसी मोर्चा, गणेश मंडल और राष्ट्रीय मानवाधिकार पर्यावरण सुरक्षा एवं भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने मुख्य अधीक्षण अभियंता ओ.पी. खटोड़ के माध्यम से AVVNL के प्रबंध निदेशक को ज्ञापन सौंपकर रिलीव आदेश तत्काल निरस्त करने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि बरसात के मौसम में फॉल्ट और ट्रांसफार्मर खराब होने की घटनाएं बढ़ रही हैं, जबकि लाइनमैनों की कमी से घंटों बिजली गुल रहने लगी है। इससे आमजन, किसान और विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इधर, पूर्व महापौर राकेश पाठक ने भी AVVNL के प्रबंध निदेशक से फोन पर बात कर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की, जिस पर सकारात्मक आश्वासन मिला।