इंतज़ामिया कमेटी ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप, शहर में रौनक, जगह-जगह लंगर, शरबत और सबील का होगा एहतिमाम
निम्बाहेड़ा |स्मार्ट हलचल|शहादत-ए-इमाम हुसैन की याद में निम्बाहेडा में ऐतिहासिक रूप से मनाए जाने वाले चालीसवें मोहर्रम (चेहलुम) के मौके पर शहर में दो दिवसीय धार्मिक आयोजन गुरुवार से शुरू होगा। हर साल की तरह इस बार भी उर्दू तारीख 22 और 23 सफ़र 1448 हिजरी गुरुवार एवं शुक्रवार को शहर के विभिन्न मोहल्लों से ताज़ियों के जुलूस पूरे अदब, एहतराम और अकीदत के साथ अपने तयशुदा रास्तों से रवाना होंगे। जुलूस में आस – पास के क्षेत्रों सहित चितौड़गढ़, प्रतापगढ़, मंदसौर, नीमच, छोटी सादड़ी, बड़ी सादड़ी, उदयपुर सहित कई इलाकों से बड़ी तादाद में जायरीन एवं अकीदतमंद शिरकत करेंगे।
मोहर्रम इंतज़ामिया कमेटी तथा विभिन्न मोहल्लों के जिम्मेदारान ने आयोजन की तमाम तैयारियों को मुकम्मल कर अंतिम रूप दे दिया है। शहर के विभिन्न इलाकों में ताज़ियों को आकर्षक विद्युत सजावट, रंग-बिरंगी रोशनी और खूबसूरत फूलों से सजाया गया है। शाम ढलते ही यह सजावट शहर की रौनक में चार चाँद लगा रही है और मोहर्रम की अकीदत भरी फिज़ा को और भी दिलकश बना रही है।
जुलूस मार्ग पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं खिदमतगार संस्थाओं की ओर से जायरीनों की खिदमत के लिए शहर के विभिन्न मोहल्लों एवं स्थान स्थान पर आकर्षक विद्युत साज सज्जा से सजावट कर सबीले स्थापित की है जिसमें शरबत, ठंडे पानी, लंगर और अल्पाहार का खास एहतिमाम किया गया है।
आयोजन के दौरान अमन, भाईचारे और गंगा-जमुनी तहज़ीब की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिलेगी। मोहर्रम इंतज़ामिया कमेटी ने शहरवासियों से जुलूस के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। वहीं प्रशासन एवं पुलिस ने सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतज़ाम किए हैं, ताकि यह धार्मिक आयोजन पूरी शांति, अनुशासन और भाईचारे के वातावरण में सम्पन्न हो सके।
