टोंक: नरेश मीणा ने नगरफोर्ट थाने में किया सरेंडर, समर्थकों को संबोधित करते हुए भावुक हुए

(नरेश कुरेडा)

टोंक ।स्मार्ट हलचल|समरावता थप्पड़कांड मामले में नरेश मीणा ने गुरुवार को नगरफोर्ट थाने में सरेंडर कर दिया। सरेंडर से पहले उन्होंने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि उनके खिलाफ बड़ा षड्यंत्र रचा जा रहा था। उनका आरोप था कि उन्हें स्थायी वारंट जारी कर भगोड़ा घोषित करने और उनकी संपत्ति का ब्यौरा जुटाकर बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी की जा रही थी।नरेश मीणा ने कहा कि उनकी जमानत 13 जुलाई को ही रद्द कर दी गई थी और वे किसानों के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेंगे। उन्होंने समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए किसान समुदाय से एकजुट रहने की अपील की। संबोधन के दौरान वे भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।

सरेंडर के बाद नगरफोर्ट थाना प्रभारी राजेंद्र टाडा ने नरेश मीणा को हिरासत में ले लिया। थाने के बाहर बैरिकेडिंग कर समर्थकों को रोका गया, जबकि बड़ी संख्या में समर्थकों ने नारेबाजी की। पुलिस उन्हें आज एससी-एसटी कोर्ट में पेश कर सकती है।

गौरतलब है कि टोंक एससी-एसटी कोर्ट ने समरावता थप्पड़कांड मामले में नरेश मीणा की जमानत रद्द कर दी थी। इससे पहले उन्हें हाईकोर्ट से जमानत मिली थी। सरेंडर के दौरान प्रहलाद खटाना भी उनके साथ मौजूद रहे।

एहतियात के तौर पर नगरफोर्ट थाने के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं देवली, टोंक और उनियारा क्षेत्रों में धारा 144 लागू है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।