जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शिवभक्तों का हुआ भव्य स्वागत; क्षेत्र में अच्छी बारिश और अमन-चैन की मांगी मंगलकामनाएं

मांडलगढ़ (स्मार्ट हलचल)उपखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध तीर्थ त्रिवेणी संगम से रविवार सुबह गाजे-बाजे और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ भव्य कावड़ यात्रा रवाना हुई। त्रिवेणी नदी से पवित्र जल भरकर निकले शिवभक्तों का जत्था सुबह सवा आठ बजे नाचते-गाते और हर्षोल्लास के साथ गुप्तेश्वर महादेव मंदिर के लिए प्रस्थान किया।

नगर में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर हुआ स्वागत

कावड़ यात्रा त्रिवेणी संगम से शुरू होकर त्रिवेणी चौराहा, जोजवा चौराहा, होड़ा और राजावतों का खेड़ा होते हुए मांडलगढ़ नगर पहुंची। नगर सीमा में प्रवेश करते ही नई आबादी, स्टेच्यू सर्किल, बस स्टैंड, जालेश्वर महादेव मंदिर और गांधी चौक पर नगरवासियों ने कावड़ियों पर झूमकर पुष्पवर्षा की तथा शीतल जलपान करवाकर उनका भावभीना स्वागत-सत्कार किया।

🚩 जालेश्वर में टेका माथा, गुप्तेश्वर महादेव में हुआ महाआरती व प्रसादी का आयोजन

जालेश्वर महादेव मंदिर पहुंचने पर सभी कावड़ियों ने शिवलिंग के दर्शन-पूजन कर क्षेत्र में अच्छी वर्षा, समृद्धि और अमन-चैन की मंगलकामना की। इसके पश्चात यात्रा अपने अंतिम पड़ाव गुप्तेश्वर महादेव मंदिर पहुंची, जहां कावड़ियों ने शिवजी का जलाभिषेक किया। तत्पश्चात महाआरती कर भगवान को भोग लगाया गया तथा उपस्थित श्रद्धालुओं में प्रसादी का वितरण किया गया।

आयोजन में यह गणमान्य लोग रहे उपस्थित

कावड़ यात्रा के दौरान भाजपा नगर अध्यक्ष अशोक जीनगर, पूर्व पालिकाध्यक्ष संजय डांगी, पूर्व नगर अध्यक्ष अर्जुन ब्रमभट्ट, विधायक प्रतिनिधि मनोज सनाढ्य, पूर्व पार्षद अनिता सुराणा, नीलकमल पटवा, लादूलाल खटीक, दुर्गालाल (आबकारी विभाग), सतीश खंडेलवाल, देवकिशन शर्मा, विश्व हिंदू परिषद के दीनबंधु भट्ट, भाजपा वरिष्ठ नेता रामलाल तेली, जालेश्वर मंदिर अध्यक्ष चांदमल जीनगर, नारायण सोनी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और शिवभक्त मौजूद रहे।