अनिल कुमार
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिलेभर में राष्ट्रभक्ति का अभूतपूर्व माहौल देखने को मिला। रविवार को जिले के विभिन्न नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में विशाल तिरंगा रैलियों का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
जैतारण में कैबिनेट मंत्री ने संभाली कमान
जैतारण में आयोजित मुख्य तिरंगा रैली में कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने स्वयं हाथों में राष्ट्रध्वज लेकर शिरकत की। जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “तिरंगा हमारी आन-बान-शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान हर नागरिक के दिल में देशप्रेमी भावना और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान को और गहरा करने का एक सशक्त माध्यम है।” देशभक्ति के नारों से पूरा जैतारण क्षेत्र गूंज उठा।
नगर परिषद ब्यावर की ओर से निकला जनसैलाब
वहीं ब्यावर शहर में नगर परिषद आयुक्त श्रीमती कीर्ति कुमावत के नेतृत्व में एक भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। नगर परिषद के अधिकारियों, कर्मचारियों और शहरवासियों ने हाथों में तिरंगा थामकर शहर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
जन-जन की भागीदारी बनी अभियान की ताकत
जिलेभर में आयोजित इन रैलियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने एक व्यापक जनआंदोलन का रूप ले लिया है। ग्रामीण और शहरी, दोनों ही क्षेत्रों में नागरिकों के इस उत्साह ने संपूर्ण ब्यावर जिले को तिरंगे के रंग में सराबोर कर दिया।
