लीज क्षेत्र में सघन पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

हजारों पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने का संकल्प, खनन विभाग के साथ लीजधारक ने चलाया अभियान
रिपोर्टर सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल|फूलियाकलां कस्बे में खनन क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लीजधारक आशुसिंह भाटी ने खनन विभाग के साथ संयुक्त रूप से सघन पौधारोपण अभियान चलाया। अभियान के तहत विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधे विद्यालयों, मंदिरों, पंचायत भवनों, चारागाह, श्मशान एवं कब्रिस्तान सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए।
लीजधारक के अनुसार देवपुरा ग्राम में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय माली भवन परिसर में 950, सामुदायिक भवन में 50 तथा हनुमान मंदिर परिसर में 180 पौधे लगाए गए। ग्राम मुंहला में कल्याण गौशाला में 4200 तथा शिव मंदिर परिसर में 300 पौधे लगाए गए।
इसी प्रकार फूलियाकलां ग्राम पंचायत क्षेत्र में 5400 पौधे लगाए गए। इनमें चारागाह भूमि पर 1300, श्मशान भूमि पर 700, मुस्लिम समाज के कब्रिस्तान में 400, महात्मा गांधी विद्यालय में 200 तथा पंचायत भवन परिसर में पौधारोपण किया गया।
धनोप ग्राम पंचायत क्षेत्र में पाल पर 1800 पौधे लगाए गए, जबकि राज्यास ग्राम के राजकीय बालिका विद्यालय में 250 पौधे लगाए गए। अभियान के दौरान पौधों के संरक्षण एवं उनकी नियमित देखभाल पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में लसाड़िया सरपंच कांता देवी, डाबला चांदा सरपंच जगदीश कंवर, फूलियाकलां सरपंच रतनी देवी जाट सहित कंपनी प्रतिनिधि महेश शर्मा, राजेंद्र सिंह, सुनील शर्मा, बजरंग शर्मा, शाहरूख खान एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। आयोजकों ने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की देखभाल सुनिश्चित करना भी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अहम कदम है।