ब्यावर में राज्य स्तरीय दल का छापा: 138 अफसर-कर्मचारी नदारद, कई कार्यालयों पर मिले ताले

अनुपस्थित कार्मिकों पर गिरेगी गाज, अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट उच्च स्तर पर भेजी जाएगी

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|जिला मुख्यालय ब्यावर एवं पंचायत समिति जवाजा स्थित सरकारी दफ्तरों में कर्मचारियों की मनमानी और लेट-लतीफी पर राज्य स्तरीय निरीक्षण दल ने कड़ा शिकंजा कसा है। प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव दिनेश कुमार के निर्देशों पर गुरुवार को की गई आकस्मिक छापेमारी में 138 अधिकारी व कर्मचारी नदारद मिले, जबकि कई कार्यालयों में तो ताले लटके पाए गए।

निरीक्षण दल की सुबह 10 बजे बड़ी कार्रवाई
शासन उप सचिव एवं अतिरिक्त निदेशक (निरीक्षण) सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में गठित उच्च स्तरीय दल ने सुबह ठीक 10 बजे ब्यावर व जवाजा के विभिन्न सरकारी दफ्तरों में एक साथ दबिश दी। दल में सहायक शासन सचिव राम स्वरूप विश्नोई, महेन्द्र कुमार सरावता, चेना राम भदाला, अनुभाग अधिकारी सुरेन्द्र सिंह नोहरा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी शामिल थे।

आंकड़ों में अनुपस्थिति का हाल:
ब्यावर जिला मुख्यालय: 16 कार्यालयों के निरीक्षण में 27 में से 12 राजपत्रित (राजपत्रित अधिकारी) और 138 में से 85 अराजपत्रित कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।

पंचायत समिति जवाजा: 10 कार्यालयों की जांच में 15 में से 7 राजपत्रित अधिकारी और 72 में से 34 कर्मचारी गायब मिले।

सरकारी दफ्तरों पर लटके मिले ताले
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अव्यवस्था का आलम यह रहा कि वनपाल नाका (जवाजा रेंज), कृषि पर्यवेक्षक कार्यालय (जवाजा) और ग्राम पंचायत जवाजा के मुख्य द्वारों पर ताले लटके मिले। दफ्तर बंद होने के कारण निरीक्षण टीम हाजिरी रजिस्टर तक की जांच नहीं कर सकी।

कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

निरीक्षण दल ने साफ किया कि कार्यालयों में समयबद्ध उपस्थिति और पारदर्शी कार्य संस्कृति से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अनुपस्थित पाए गए सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए
रिपोर्ट उच्च स्तर पर प्रेषित की जा रही है।