भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के बयान पर आदिवासी समाज में रोष, पत्रिका गेट पर प्रदर्शन

“आदिवासी समाज का सम्मान सर्वोपरि, इस्तीफा दें मदन राठौड़”- प्रदर्शनकारियों की मांग

भरत देवड़वाल

जयपुर/स्मार्ट हलचल|भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ द्वारा 9 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस को लेकर दिए गए बयान के विरोध में गुरुवार को जयपुर के पत्रिका गेट पर आदिवासी समाज ने जोरदार प्रदर्शन किया।प्रदर्शन का नेतृत्व राजस्थान आदिवासी मीणा सेवा संघ (राज.) द्वारा किया गया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर “मदन राठौड़ हाय हाय”, “आदिवासियों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” और “माफी मांगो मदन राठौड़” के नारे लगाए।

आदिवासी समाज का कहना है कि मदन राठौड़ ने बीजेपी कार्यालय में आदिवासी दिवस की प्रासंगिकता पर सवाल उठाते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आदिवासी समाज जल, जंगल, जमीन से जुड़ा है और आदिवासी दिवस उनकी संस्कृति का प्रतीक है। कांग्रेस सरकार द्वारा इसे राजकीय अवकाश घोषित किया गया था।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मदन राठौड़ अपने पद से इस्तीफा दें और आदिवासी समाज से सार्वजनिक माफी मांगें। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के सम्मान और स्वाभिमान के साथ कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पुरुष और महिला समाज बंधु शामिल हुए और चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।