लेबर रूम सेवाओं में गुणवत्ता सुधार पर चिकित्सकों को प्रशिक्षण

महेन्द्र नागौरी

मातृ-शिशु स्वास्थ्य सुरक्षा पर फोकस, प्रसव के दौरान बेहतर देखभाल के दिए टिप्स
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने के लिए गुरुवार को आईएमए हॉल में चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों व महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित हुई।
एमजीएच की सहायक प्रोफेसर डॉ. कीर्ति गुप्ता ने लेबर रूम में निर्धारित मानकों के अनुरूप सेवाएं, उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा प्रसव के दौरान मां और नवजात की सुरक्षित देखभाल के व्यावहारिक टिप्स दिए।
सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने प्रशिक्षण में मिली जानकारी को संबंधित चिकित्सा संस्थानों में प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए। जिला आरसीएच अधिकारी डॉ. अभिनव निर्वाण ने बताया कि प्रशिक्षण में जिला व उप जिला अस्पतालों सहित सीएचसी-पीएचसी के चिकित्सक एवं नर्सिंग अधिकारी तथा उप स्वास्थ्य केंद्रों की महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता शामिल हुईं।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत प्रशिक्षण स्थल पर सभी कार्मिकों ने ‘वन्दे मातरम्’ का सामूहिक गायन कर राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश दिया।