तिरंगे की शान में गूंजा ब्यावर, देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस समारोह

मंत्री अविनाश गहलोत ने किया ध्वजारोहण, परेड ने बढ़ाया जोश; विद्यार्थियों ने दी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

अनिल कुमार

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|80वां स्वतंत्रता दिवस ब्यावर में उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह सम्राट पृथ्वीराज चौहान स्टेडियम में आयोजित हुआ। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद उन्होंने खुली जिप्सी में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया।समारोह में विधायक शंकर सिंह रावत, जिला कलक्टर कमल राम मीना, जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह सहित जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी, विद्यार्थी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री अविनाश गहलोत ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि आज देश जिस स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहा है, वह वीर शहीदों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है।

युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान

मंत्री गहलोत ने कहा कि भारत ने विश्व पटल पर अपनी विशेष पहचान बनाई है। राजस्थान में भी विकास एवं जनकल्याण के कार्यों को गति मिली है। उन्होंने युवाओं को देश की ताकत बताते हुए नशे से दूर रहने तथा शिक्षा, रोजगार, खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

परेड और पीटी प्रदर्शन ने बढ़ाया उत्साह

समारोह में हरिराम की अगुवाई में परेड हुई। आरएसी, राजस्थान पुलिस, पीटीएस जोधपुर और एनसीसी की टुकड़ियों ने मार्च पास्ट में हिस्सा लिया। 9वीं बटालियन टोंक एवं आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय के बैंड ने भी अपनी प्रस्तुति दी। वहीं एक हजार से अधिक विद्यार्थियों ने सामूहिक पीटी प्रदर्शन कर समारोह में जोश भर दिया।

इस दौरान शहीदों की वीरांगनाओं को पुष्पगुच्छ एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जिले की प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

विद्यार्थियों ने देशभक्ति और राजस्थान की लोक संस्कृति से जुड़ी शानदार प्रस्तुतियां दीं। घूमर, तेरहताली, वंदे मातरम्, सैनिकों के त्याग और देशभक्ति पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय ब्यावर के विद्यार्थियों ने मिजोरम के खुबुलम एवं चेराव नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति देकर पूर्वोत्तर भारत की सांस्कृतिक विविधता को मंच पर साकार किया।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद महिला एवं पुरुष वर्ग में रस्साकशी प्रतियोगिता आयोजित की गई।