भगवती सेवा एवं शिक्षण संस्थान में ध्वजारोहण के साथ बच्चों ने दी देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
अनीता बाबेल
चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। अखिल भारतीय जैन श्वेतांबर सोशल ग्रुप प्रताप, चित्तौड़गढ़ की ओर से भगवती सेवा एवं शिक्षण संस्थान में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद संस्थान के बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सुंदर नृत्य प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों से वातावरण आनंद और देशप्रेम से भर गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के माता-पिता ने भी अपने विचार एवं अनुभव साझा किए। बच्चों के लिए रेखा गिलुंडिया की ओर से अल्पाहार एवं लड्डू वितरित किए गए।
ग्रुप की अध्यक्ष अनीता भड़कतिया ने संस्था की आवश्यकतानुसार हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर संस्थापक विनिता लोढ़ा, आशा पोखरना, मंजू पीतलिया, प्रवीणा सुराणा एवं अंगूरबाला भड़कतिया सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
