फेडरेशन ने कसी कमर, प्रदेशभर के कर्मचारियों का जुटेगा डेटा

(महेन्द्र नागौरी)

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|राजस्थान नगरपालिका कर्मचारी फेडरेशन ने प्रदेशभर की नगरपालिकाओं, नगर परिषदों और नगर निगमों से कर्मचारियों एवं संगठन से जुड़ी सूचनाओं को एकजुट करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। फेडरेशन ने अद्यतन सूचना तैयार करने के लिए विशेष कमेटी का गठन किया है। कमेटी का उद्देश्य संगठन के सभी घटकों की अधिकतम जानकारी एकत्र कर फेडरेशन की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाना है।
फेडरेशन के प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरनारायण माली ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सिंह शेखावत एवं महासचिव रामप्रसाद चौधरी ने 3 अगस्त 2026 को कमेटी गठन के आदेश जारी किए।
नन्द किशोर पारीक (भीलवाड़ा) को संयोजक बनाया गया है। कमेटी में अभिषेक शर्मा, ओमप्रकाश कामद, राजेश कुमार गुर्जर और राजमल गुर्जर को सदस्य नियुक्त किया गया है।
कमेटी ‘सेवा सेतु पोर्टल-पालिका फेडरेशन’ के माध्यम से सूचनाओं का संकलन करेगी और प्रदेश अध्यक्ष व महासचिव के समन्वय से कार्य करेगी। कमेटी तत्काल प्रभाव से काम शुरू करेगी।