गुजरात के MSME और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को ग्लोबल बाजार से जोड़ने पर हुई विस्तृत चर्चा
✍️ राकेश मीणा
यूएसए। स्मार्ट हलचल|गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल एवं उनके प्रतिनिधिमंडल से अमेरिका के बे एरिया में गौरव भार्गव ने मुलाकात की। आगामी Vibrant Gujarat Global Summit 2027 की तैयारियों और गुजरात के MSME एवं मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को वैश्विक बाजार से जोड़ने को लेकर यह मुलाकात महत्वपूर्ण रही।बैठक में भारतीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तक सीधे पहुंचाने, सीमा पार व्यापार को आसान बनाने तथा भारतीय कारोबारियों के सामने आने वाली मार्केटप्लेस, दस्तावेजी प्रक्रिया, शिपिंग, लॉजिस्टिक्स और अंतिम डिलीवरी जैसी चुनौतियों पर चर्चा हुई।
भारतीय उत्पादों को दुनिया तक पहुंचाने की पहल
गौरव भार्गव ने बताया कि भारत में निर्मित उत्पाद गुणवत्ता के मामले में विश्वस्तरीय हैं, लेकिन छोटे और मध्यम उद्योगों के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने उत्पादों को विदेशी ग्राहकों तक पहुंचाने की है। इसी अंतर को कम करने के लिए तकनीक आधारित ग्लोबल व्यापार व्यवस्था विकसित करने पर काम किया जा रहा है।
इस दिशा में Gaiabay, Vayulogi और ShopShipIndia जैसी पहलों को महत्वपूर्ण बताया गया।
Gaiabay भारतीय निर्माताओं और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों को जोड़ने वाला ग्लोबल मार्केटप्लेस होगा। वहीं Vayulogi के माध्यम से सीमा पार लॉजिस्टिक्स को अधिक सरल और भरोसेमंद बनाने का प्रयास किया जा रहा है। ShopShipIndia के जरिए विदेशों में रहने वाले ग्राहक भारत से उत्पाद खरीदकर उन्हें अपने देश में मंगा सकेंगे।
गुजरात के MSME को मिलेगा वैश्विक मंच
बैठक का प्रमुख उद्देश्य गुजरात के MSME और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को वैश्विक बाजार के साथ जोड़ना रहा। इससे गुजरात के छोटे और मध्यम उद्यमों को नए अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध होने के साथ निर्यात को बढ़ावा मिलने की संभावनाएं हैं।
गौरव भार्गव ने कहा कि इन सभी पहलों का साझा उद्देश्य भारतीय व्यवसायों के लिए “Sell Global, Ship Global” को आसान बनाना है।
Vibrant Gujarat 2027 पर भी नजर
अमेरिका में हुई इस मुलाकात को आगामी Vibrant Gujarat Global Summit 2027 के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गुजरात को वैश्विक निवेश, उद्योग और व्यापार के प्रमुख केंद्र के रूप में और मजबूत करने की दिशा में ऐसे संवाद अहम भूमिका निभा सकते हैं।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ हुई इस सार्थक बातचीत के लिए गौरव भार्गव ने आभार व्यक्त किया और कहा कि भारतीय कारोबारियों को दुनिया के बाजारों तक आसान पहुंच उपलब्ध कराना समय की महत्वपूर्ण जरूरत है।
