अनिल कुमार
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|नगर परिषद चुनाव को लेकर भाजपा की पूर्व अजमेर देहात जिला महिला मोर्चा मंत्री एवं वार्ड प्रभारी मंजू जांगिड़ ने वार्ड संख्या 49 का दौरा कर विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं की बैठकें लीं। नून्द्री मालदेव एवं भोजपुरा में आयोजित बैठकों में उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव को लेकर सक्रियता बढ़ाने तथा प्रत्येक घर तक पहुंचकर भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने का आह्वान किया।
मंजू जांगिड़ ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार महिलाओं, किसानों, युवाओं एवं बेरोजगारों के हित में कई योजनाएं एवं कार्य कर रही है। कार्यकर्ताओं को इन योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचानी चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग सरकार की उपलब्धियों से अवगत हो सकें।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि किसी भी वार्ड में किसी भी कार्यकर्ता को पार्टी का टिकट मिले, सभी कार्यकर्ताओं को उसका पूर्ण समर्थन करना है। उन्होंने कहा कि पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी जिसे भी टिकट मिलेगा, उसका चुनाव चिन्ह कमल का फूल होगा। ऐसे में सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत से कार्य करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वार्ड 49 में भी जिसे पार्टी का टिकट मिलेगा, वही भाजपा का अधिकृत प्रत्याशी होगा।
जनसंपर्क अभियान के दौरान वार्ड प्रभारी मंजू जांगिड़ के साथ मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री गणपत सिंह, संयोजक संतोष सिंह एवं सहसंयोजक नवल सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में मतदाताओं से संपर्क किया। इस दौरान नारायण सिंह, नरेंद्र सिंह, रविन सिंह, सुरेश सिंह, गोविंद सिंह, आबिदा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं से क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं के समाधान तथा आगामी नगर निकाय चुनाव में सक्रिय भागीदारी को लेकर चर्चा की। जनसंपर्क अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया।
