सेवानिवृत्त कार्मिकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण की मांग

महेन्द्र नागौरी

उदयपुर /स्मार्ट हलचल|भीलवाडा नगरीय निकायों के सेवानिवृत्त कार्मिकों की समस्याओं को लेकर फेडरेशन की प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक उदयपुर में आयोजित हुई। बैठक में पेंशन, ग्रेच्युटी, जीपीएफ सहित अन्य वित्तीय लाभों के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने की मांग उठाई गई।
फेडरेशन के प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरनारायण माली ने बताया कि पेंशन आवेदन में आ रही पोर्टल संबंधी बाधाओं को तत्काल दूर कर पेंशन प्रक्रिया शुरू करने तथा ग्रेच्युटी व जीपीएफ भुगतान में आ रहे अवरोध समाप्त करने की मांग राज्य सरकार से की गई।
बैठक में नगरीय निकायों के स्टाफिंग पैटर्न के पुनर्गठन, रिक्त पदों को शीघ्र भरने और कार्यरत कार्मिकों पर बढ़ते अतिरिक्त कार्यभार को कम करने पर भी जोर दिया गया। साथ ही फेडरेशन के 33 सूत्रीय मांग पत्र को लेकर राज्य सरकार के साथ हुई वार्ता पर भी चर्चा की गई।
बैठक संरक्षक किशोर कुमार अग्रवाल व रीछपाल चौधरी के सानिध्य, प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सिंह शेखावत की अध्यक्षता एवं प्रांतीय महामंत्री राम प्रसाद चौधरी के निर्देशन में हुई। भीलवाड़ा से प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरनारायण माली, प्रांतीय कोषाध्यक्ष गोविंद सिंह वर्मा एवं जिला अध्यक्ष नंदकिशोर पारीक सहित पदाधिकारी मौजूद रहे।