सावन में गूंजा हर-हर महादेव: रामलाल जाट के नेतृत्व में निकली भव्य कांवड़ यात्रा, सामाजिक समरसता का दिया संदेश

रामलाल जाट बोले—नफरत का जहर मिटाकर भाईचारा कायम करना होगा

पुनित चपलोत

स्मार्ट हलचल|भीलवाड़ा में सावन के पवित्र माह के अवसर पर विजन इंडिया वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में भव्य कावड़ यात्रा का आयोजन किया गया। पूर्व मंत्री और कांग्रेस देहात अध्यक्ष रामलाल जाट के नेतृत्व में निकाली गई कावड़ यात्रा माण्डल तालाब की पाल से विधिवत पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रवाना हुई।
इस दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कांवड़िए कंधों पर गंगाजल से भरी कांवड़ लेकर हर-हर महादेव और जय भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। पूरे मार्ग पर शिवभक्ति का माहौल नजर आया। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने रास्ते में आने वाले मंदिरों और देवालयों में गंगाजल से जलाभिषेक किया। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर प्रसिद्ध तीर्थ स्थल हरणी महादेव पहुंचेगी, जहां सभी कांवड़िए भगवान महादेव का सामूहिक रूप से महाजलाभिषेक करेंगे। यात्रा मार्ग में सामाजिक और धार्मिक संगठनों की ओर से विश्राम, जलपान और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की गई। डीजे की धुन और शिव भजनों पर श्रद्धालु उत्साह के साथ झूमते नजर आए।

रामलाल जाट ने कहा कि कांवड़ यात्रा का उद्देश्य केवल भगवान शिव का जलाभिषेक करना नहीं, बल्कि समाज में भाईचारा, सामाजिक समरसता और समानता का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म का संदेश विश्व कल्याण और प्राणी मात्र की रक्षा का है। इसी भावना के साथ छुआछूत और ऊंच-नीच को समाप्त कर हर परिवार में समानता और सम्मान स्थापित करने का प्रयास होना चाहिए। समुद्र मंथन के दौरान भगवान महादेव ने विषपान कर नीलकंठ का रूप धारण किया था। उसी भावना से आज समाज में नफरत और विभाजन के जहर को खत्म कर भाईचारा कायम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संविधान, सनातन धर्म और सामाजिक भाईचारे को बचाने का संदेश दे रहे हैं और कांवड़ यात्रा भी इसी भावना को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने युवाओं को रोजगार, किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य, मजदूरों को मेहनत का अधिकार और महिलाओं, बच्चों तथा बुजुर्गों को सम्मान और न्याय दिलाने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गंगाजल को गांवों में ग्राम देवताओं और पेड़-पौधों को अर्पित कर पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक एकता का संदेश भी दिया जा सकता है। पंचायत राज चुनावों को लेकर रामलाल जाट ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार चुनाव टालती रही और अब परिसीमन तथा मतदाता सूचियों के माध्यम से सत्ता हासिल करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता अपने मत के जरिए सरकार को काम करना सिखा सकती है। उन्होंने लोगों से ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकने और कांग्रेस के समर्थन में खड़े होने की अपील की।