चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। स्थानीय निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से श्रीनाथ वाटिका में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला प्रभारी हंगामीलाल मेवाड़ा रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनिल सोनी ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में जिला अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया, जिला सह प्रभारी छोटूलाल मीणा एवं विधानसभा प्रभारी नरेंद्र गुड़ा उपस्थित रहे।
सम्मेलन में आगामी स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस की चुनावी रणनीति, संगठन की मजबूती और वार्ड स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं ने कहा कि निकाय चुनाव कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी एकजुटता, आपसी समन्वय और मजबूती के साथ मिलकर लड़ेगा।
कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे प्रत्येक वार्ड में घर-घर पहुंचकर जनता की समस्याओं को समझें तथा स्थानीय मुद्दों को लेकर जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही बूथ से लेकर वार्ड स्तर तक संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को गति देने पर जोर दिया गया।
जिला प्रभारी हंगामीलाल मेवाड़ा ने कहा कि कांग्रेस के सामने निकाय चुनाव एक महत्वपूर्ण अवसर है। कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा के साथ जनता के बीच जाएं और स्थानीय स्तर पर विकास की स्थिति तथा आमजन से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एकजुट है और एकजुट होकर ही निकाय चुनाव में मजबूत मुकाबला करेगी।
जिला अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया ने कहा कि आमजन से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मजबूती से जनता के बीच जाना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की विचारधारा और जनहित के मुद्दों को लेकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनिल सोनी ने कहा कि आगामी निकाय चुनाव में शहर कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी के लिए काम करेगा। वार्ड-वार्ड कांग्रेस की टीम को सक्रिय कर चुनावी तैयारी को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य शहर के विकास को नई दिशा देना और आमजन से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दिलाना है।
जिला सह प्रभारी छोटूलाल मीणा एवं विधानसभा प्रभारी नरेंद्र गुड़ा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, आपसी समन्वय बनाए रखने और चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
सम्मेलन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर आगामी निकाय चुनाव में पूरी ताकत से मैदान में उतरने का संकल्प लिया। इस दौरान संगठन की मजबूती, वार्ड स्तर पर जनसंपर्क और चुनावी रणनीति को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की गई।
प्रवक्ता नवरतन जीनगर ने बताया कि मंचासीन जिला प्रभारी हंगामीलाल मेवाड़ा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया, सह प्रभारी छोटूलाल मीणा, विधानसभा चुनाव प्रभारी नरेंद्र सिंह गुड़ा, वरिष्ठ नेता त्रिलोक चंद जाट, वरिष्ठ नेता प्रेम प्रकाश मूंदड़ा, शहर अध्यक्ष अनिल सोनी, पूर्व सभापति गीता देवी योगी, प्रदेश सचिव रणजीत लोट, पूर्व सभापति रमेशनाथ योगी, पूर्व उप सभापति कैलाश पंवार, विधानसभा चुनाव प्रभारी नगेंद्र सिंह राठौड़, पूर्व जिला संगठन महामंत्री महेंद्र शर्मा, शहर संगठन महामंत्री महेश काकानी, पर्यावरण प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष कमल गुर्जर, ओबीसी प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष गेहरूगिरी गोस्वामी, एससी विभाग जिला अध्यक्ष राकेश घारू, महिला जिला उपाध्यक्ष मीनाक्षी जैन, महिला शहर अध्यक्ष रेणु कंवर राठौड़, महिला ग्रामीण अध्यक्ष गायत्री चौधरी, युवक कांग्रेस प्रभारी रवि सिकदार, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष संजय राव, मंडल अध्यक्ष इम्तियाज हुसैन, जिला महामंत्री निर्मल जैन, जिला प्रवक्ता दिनेश गुर्जर, चुनाव प्रभारी कैलाश भूतड़ा, महामंत्री धर्मेंद्र मूंदड़ा, प्रमोद सिंह तंवर एवं अभिमन्यु सिंह जाड़ावत सहित कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सुरेंद्रनाथ योगी, बालमुकुंद मालीवाल, आजाद पालीवाल, यूसुफ भैया, शंभुलाल प्रजापत एवं ललिता रैगर ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, अग्रिम संगठनों के प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
