रंगरेज बिरादरी विकास समिति ने दिया अमन, भाईचारे और इंसानियत का संदेश
अनिल कुमार
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|ईद मिलाद-उन-नबी के अवसर पर शहर में मुस्लिम समाज की ओर से विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस की याद में मनाए जाने वाले इस पर्व पर लोगों ने उनके जीवन, आदर्शों और मानवता के संदेश को याद करते हुए अमन, शांति, भाईचारे और आपसी सद्भाव का संदेश दिया।इसी क्रम में रंगरेज बिरादरी विकास समिति, ब्यावर की ओर से चांग गेट पर ईद मिलाद-उन-नबी के जुलूस का इस्तकबाल किया गया। समिति के सदर मुस्ताक अली के नेतृत्व में समाज के लोगों ने जुलूस का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान गुलजार राही, मोहम्मद अकरम, मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद युसूफ, मुमताज अली और बाबू कासिम सहित रंगरेज समाज के सदस्य मौजूद रहे। समाजबंधुओं ने जुलूस पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और लोगों को ईद मिलाद-उन-नबी की मुबारकबाद दी।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि ईद मिलाद-उन-नबी पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस की याद में मनाया जाता है। पैगंबर साहब ने दुनिया को दया, न्याय, प्रेम, भाईचारे और इंसानियत का संदेश दिया। उनके बताए आदर्शों को अपनाकर समाज में आपसी प्रेम और सद्भाव को मजबूत किया जा सकता है।
जुलूस के दौरान शहर में सौहार्दपूर्ण माहौल नजर आया। लोगों ने देश और समाज में अमन-चैन, खुशहाली तथा आपसी भाईचारे की दुआ की। रंगरेज बिरादरी विकास समिति के पदाधिकारियों और समाजबंधुओं ने कहा कि सभी धर्मों के बीच प्रेम, सम्मान और भाईचारा कायम रखना ही ईद मिलाद-उन-नबी के संदेश को सार्थक करता है।
