अज्ञात व्यक्ति का सहारा बनी वीर हिन्दू आर्मी, विधि-विधान से कराया अंतिम संस्कार

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|खरवा के पास लहरी गांव में पिछले कई वर्षों से रह रहे एक अज्ञात व्यक्ति की मृत्यु के बाद पहचान नहीं होने पर वीर हिन्दू आर्मी ने मानवता की मिसाल पेश की। पुलिस प्रशासन की ओर से मृतक की पहचान के प्रयास किए गए, लेकिन निर्धारित समय तक शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद संस्था के कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़कर मृतक के अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी उठाई।

पुलिस प्रशासन की ओर से शव को राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय के मुर्दाघर में रखवाया गया था। मृतक की पहचान के लिए आमजन से भी अपील की गई, लेकिन कोई जानकारी सामने नहीं आई। ऐसे में वीर हिन्दू आर्मी के कार्यकर्ताओं ने अस्पताल से शव प्राप्त किया और सम्मानपूर्वक अंतिम यात्रा निकालकर हिन्दू रीति-रिवाज एवं विधि-विधान के अनुसार अंतिम संस्कार कराया।

अंतिम संस्कार में वीर हिन्दू आर्मी के बंटी रल, सांवरसिंह, रूपेश लोहार, रवि लोहार, कालू लोहार, नेनू लोहार और नरेन्द्र बोहरा सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया।

संस्था के संस्थापक पंकज क्षत्रिय ने कहा कि मृतक की पहचान भले ही नहीं हो सकी, लेकिन वह भी समाज का हिस्सा और एक इंसान था। अंतिम समय में उसका कोई अपना सामने नहीं आया, इसलिए संस्था ने सामाजिक एवं मानवीय जिम्मेदारी निभाते हुए उसे सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई दी।

उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की पहचान भले ही अज्ञात हो, लेकिन उसके अंतिम संस्कार का अधिकार और सम्मान कम नहीं होता। वीर हिन्दू आर्मी आगे भी जरूरतमंद और असहाय लोगों की मदद के लिए तत्पर रहेगी।

संस्था की ओर से आमजन से अपील की गई कि यदि किसी व्यक्ति को मृतक की पहचान या उसके परिजनों के संबंध में कोई जानकारी हो तो पुलिस प्रशासन को सूचना दें, ताकि मृतक की पहचान कर उसके परिवार तक जानकारी पहुंचाई जा सके।