चिमु धतरवाल
बायतु। स्मार्ट हलचल|शिव शक्ति विद्या मन्दिर शिक्षण संस्थान द्वारा संचालित शिव शक्ति विद्या मन्दिर उ.मा. के परिसर में वृक्षारोपण किया गया। प्रधानाचार्य श्री उदय सिंह चौधरी ने बताया कि वृक्षारोपण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. अनिल अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान प्रमुख (पर्यावरण संरक्षण गतिविधि), श्री केशव मीणा उपखण्ड अधिकारी बायतु, विशिष्ट अतिथि बालाराम मूढ़ भाजपा प्रदेश प्रतिनिधि, विशिष्ट अतिथि श्री सुरेश कुमार शर्मा मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बायतु ने भारत माता का पूजन कर वृक्षारोपण कार्यक्रम का प्रारम्भ किया। डॉ. अनिल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पेड़-पौधे और जीव जंतु मिलकर मौसम चक्र और पर्यावरण का संतुलन बनाए रखते हैं इसलिए अधिक से अधिक पेड़ लगवाने का आह्वान किया। एक पेड़ को बड़ा करना छोटे बच्चे को बड़ा करने से भी अधिक कठिन है। पर्यावरण को बचाने के लिए हमें तुरंत कदम उठाने होंगे। हर व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पेड़ जरूर लगाना चाहिए। प्लास्टिक की जगह कपड़े या जूट के थैलों का इस्तेमाल करें, कचरा हमेशा कूड़ेदान में डालें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
श्री केशव मीणा उपखण्ड अधिकारी बायतु ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के साथ-साथ हर नागरिक की यह जिम्मेदारी है कि वह प्रकृति का सम्मान करें। आज हमें यह संकल्प लेना होगा कि हम धरती को फिर से हरा-भरा और स्वच्छ बनाएंगे। पर्यावरण से बढ़कर कुछ नहीं है। पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ, सुंदर अपनी धरा बनाओ। कार्यक्रम के अन्त में डॉ. अनिल ने पर्यावरण सुरक्षित रखने की शपथ दिलाई।
