राजगढ़ में चुनावी बिगुल: निकाय चुनाव 2026 के प्रथम दिन उम्मीदवारों ने दाखिल किए नामांकन, जानें आपके वार्ड से कौन मैदान में

बजरंग आचार्य

​सादुलपुर : स्मार्ट हलचल|निकाय चुनाव 2026 का बिगुल बजते ही शहर में राजनीतिक हलचल और चुनावी उत्साह अपने चरम पर पहुँच गया है। नामांकन प्रक्रिया के प्रथम दिन बृहस्पतिवार, 27 अगस्त 2026 को विभिन्न वार्डों से दावेदारों ने उपखंड मजिस्ट्रेट एवं रिटर्निंग अधिकारी डॉ. मनोज खेमादा के समक्ष पूर्ण शांतिपूर्ण माहौल में अपने-अपने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए। पहले ही दिन निर्दलीय और दलीय प्रत्याशियों की सक्रियता से लोकतंत्र का यह महापर्व शहर में पूरी तरह रंग पकड़ने लगा है।
​प्राप्त आधिकारिक सूची के अनुसार, वार्ड संख्या 11 (सामान्य) से हिम्मत सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपनी दावेदारी पेश की है। वहीं वार्ड संख्या 12 (सामान्य) में मुकाबला दिलचस्प होने के आसार हैं, जहाँ पुरुषोत्तम और चंचल सैनी ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर पर्चा भरा है, जबकि जमीला ने बहुजन समाज पार्टी की ओर से अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए नामांकन दाखिल किया है।
​महिला आरक्षित वार्ड संख्या 29 (सामान्य महिला) से गीता सैनी ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में ताल ठोकी है। इसके अतिरिक्त अन्य पिछड़ा वर्ग हेतु आरक्षित वार्ड संख्या 30 से सलीम तथा वार्ड संख्या 33 से सुरेंद्र ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपने नामांकन पत्र सौंपे हैं। प्रथम दिन सभी प्रक्रियाओं के सुचारू निष्पादन के साथ ही कस्बे में चुनावी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।