पिता की प्रथम पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर, 65 रक्तवीरों ने किया रक्तदान

चिमु धतरवाल

सेवा और समर्पण के साथ स्वर्गीय जेठमल गांधी को दी श्रद्धांजलि

बायतु ।स्मार्ट हलचल|स्वर्गीय जेठमल गांधी की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को उनके पुत्र जितेंद्र गांधी, सुनील गांधी, अशोक गांधी सहित गांधी परिवार की ओर से सेवा समर्पण एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर सेन जी महाराज मंदिर, पुराना गांव बायतु में महंत भैर भारती महाराज के पावन सान्निध्य में आयोजित हुआ।नवजीवन रक्तकोष फाउंडेशन बायतु के तत्वावधान में आयोजित रक्तदान शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर के दौरान 65 रक्तवीरों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बायतु प्रधान सिमरथाराम चौधरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष हनुमानराम जाणी, भाजपा नेता कुंभाराम, बायतु भोपजी प्रशासक प्रतिनिधि महेंद्र चोपड़ा, पूर्व पंचायत समिति सदस्य कंवराराम जाणी एवं दुलीचंद गांधी सहित मेडिकल टीम, नवजीवन रक्तकोष फाउंडेशन की टीम एवं कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इस अवसर पर अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में रक्तदाताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। स्वर्गीय जेठमल गांधी की पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ समाजसेवा और मानवता का अनुकरणीय संदेश दिया गया।

नवजीवन रक्तकोष फाउंडेशन के मीडिया प्रभारी शौकत सोलंकी ने रक्तदाताओं का आभार प्रकट करते हुए कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया।

वहीं, नवजीवन रक्तकोष फाउंडेशन के संस्थापक शहीद मंसूरी ने सभी रक्तदाताओं, गांधी परिवार, अतिथियों एवं मेडिकल टीम का आभार व्यक्त किया। शिविर के दौरान सेवा, समर्पण और मानवता की भावना देखने को मिली।