दो दृष्टिहीनों के जीवन में आएगा उजियारा, सामाजिक उत्तरदायित्व का दिया संदेश
पंकज पोरवाल
भीलवाड़ा ।स्मार्ट हलचल|इंसान चला जाता है, लेकिन उसके जाने के बाद भी किसी की जिंदगी रोशन हो सकती है। इसी भावना को साकार करते हुए वर्धमान कॉलोनी निवासी मोदी (गटियाणी) परिवार ने स्व. रामचंद्र मोदी के नेत्रदान की सहमति देकर समाज के सामने संवेदना, सेवा और मानवता का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। लायन राकेश पगारिया ने बताया की नेत्रदान से प्राप्त कॉर्निया दो दृष्टिहीन व्यक्तियों के जीवन में उजियारा लाने में सहायक होंगे। दुख की घड़ी में भी दूसरों के जीवन में नया सवेरा लाने का मोदी परिवार का यह कदम संपूर्ण समाज के लिए प्रेरणादायक है। लायंस क्लब आई बैंक भीलवाड़ा की ओर से रविवार 30 अगस्त को मोदी परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया गया। स्व. रामचंद्र मोदी पुत्र स्व. अंबालाल मोदी, वर्धमान कॉलोनी निवासी के निधन के बाद परिवार के पुत्र पुष्कर दयाल, दिनेश चंद्र, डॉ. राकेश मोदी, पौत्र सौरभ, अक्षत, अर्थव सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने नेत्रदान की सहमति प्रदान की। इस पुनीत कार्य में दीपक लढ्ढा एवं लायन राकेश पगारिया का विशेष सहयोग और प्रयास रहा। लायंस क्लब अध्यक्ष ललित सांखला ने कहा कि शोकाकुल वातावरण में परिवार द्वारा लिया गया यह साहसिक और प्रेरणादायक निर्णय अत्यंत सराहनीय है। मीडिया प्रभारी मनीष बंब ने बताया कि डॉ. मोहित जेथलिया, डॉ. तरुणा दरगड़, डॉ. प्रतिष्ठा छिपा एवं नेत्र सहायक चेतन भट्ट के निर्देशन में वरिष्ठ नेत्र सहायक एवं टेक्नीशियन दिनेश बाथम ने मोदी परिवार के वर्धमान कॉलोनी स्थित निवास पर पहुंचकर कॉर्निया उत्सर्जन की प्रक्रिया पूरी की। लायंस क्लब आई बैंक भीलवाड़ा ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त मोदी परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
