अनिल कुमार खींची
ब्यावर/मसूदा।स्मार्ट हलचल|मसूदा थाना क्षेत्र की देवास ग्राम पंचायत के देदपुरा गांव में दो दिन से लापता चल रहे मासूम भाई-बहन के शव रविवार सुबह तालाब में मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर मसूदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को तालाब से बाहर निकलवाकर मसूदा उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार जीवाना निवासी शंकरसिंह की पत्नी प्यारी देवी रक्षाबंधन के अवसर पर अपने बच्चों 7 वर्षीय रीना कुमारी और 5 वर्षीय नरेंद्र सिंह के साथ देदपुरा स्थित ननिहाल आई थीं। 28 अगस्त को दोपहर करीब एक बजे दोनों बच्चे अचानक घर से लापता हो गए। परिजनों ने तलाश के बाद पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया।
रविवार सुबह परिजन व ग्रामीण तालाब के आसपास बच्चों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान तालाब में दोनों बच्चों के शव दिखाई दिए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शवों को बाहर निकलवाया।
दोनों शवों को मसूदा उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया, जहां पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई करवाई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिए गए।
रामगढ़ चौकी प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि बच्चों के लापता होने के बाद पुलिस की ओर से लगातार दो दिनों तक तलाश अभियान चलाया गया था। रविवार को दोनों बच्चों के शव तालाब में मिले। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिए।
मासूम भाई-बहन की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना के बाद देदपुरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
