खेत से लौट रही महिला पर चाकू से हमला कर लूटे थे 3 तोले सोने के जेवरात; मामले में 3 लुटेरे और जेवर खरीदार पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
पारोली/भीलवाड़ा (स्मार्ट हलचल)जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के आदेशानुसार वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत पारोली थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने करीब 6 महीने पहले फलासेड में एक महिला के गले पर चाकू से वार कर सोने के जेवरात लूटने की सनसनीखेज वारदात में फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी शातिर बदमाश को निम्बाहेड़ा से गिरफ्तार कर लिया है।
खेत से लौटते समय चाकू मारकर लूटे थे सोने के जेवरात
थानाधिकारी कमलेश कुमार ने बताया कि 27 फरवरी 2026 को फलासेड निवासी पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि शाम को खेत से घर लौटते समय दो बाइकों पर सवार होकर आए चार बदमाशों ने उसे चाकू दिखाकर रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने महिला के गले में पहनी सोने की रामनामी, दो मादलिया, दो मोती व टोपीस (कुल करीब 3 तोला सोना) छीन लिए। जब महिला ने विरोध किया तो आरोपियों ने मारपीट कर चाकू से वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गई। पीड़िता की रिपोर्ट पर धारा 304(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
3 लुटेरे और खरीदार पहले ही जा चुके हैं जेल
घटना के तुरंत बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल तीन मुख्य आरोपियों—भेरू लाल उर्फ नाना लाल मोग्या, गोवर्धन मोग्या व भेरू लाल मोग्या को पूर्व में ही गिरफ्तार कर लिया था। साथ ही लूटे गए सोने के जेवरात खरीदने वाले आरोपी मोहम्मद अमजद उल्ला को भी दबोचकर माल बरामद कर लिया गया था।
🛑 निम्बाहेड़ा से दबोचा गया ₹15,000 का इनामी आरोपी विशाल मोग्या
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा अंजुम कायल के निर्देशन एवं वृताधिकारी कोटड़ी सुरेश डाबरिया के सुपरविजन में गठित टीम ने 6 महीने से फरार चल रहे ₹15,000 के इनामी आरोपी विशाल उर्फ विकास (19) पिता शोभा लाल मोग्या (निवासी भाणुजा डांग, थाना निकुम्भ, जिला चित्तौड़गढ़) को निम्बाहेड़ा से गिरफ्तार किया। आरोपी से गहन अनुसंधान जारी है।
कार्रवाई में यह पुलिस टीम रही शामिल
सराहनीय कार्रवाई करने वाली टीम में पारोली थानाधिकारी कमलेश कुमार (उ.नि.), हैड कांस्टेबल मोहन लाल (1382), कांस्टेबल मनीष कुमार (854) एवं कांस्टेबल रणजीत (34) शामिल रहे।
