विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश संगठन ने तय किए आंदोलन के चरण, 8 सितंबर से गैर-कृषि कार्यों व खरीफ क्रॉप कटिंग के बहिष्कार का ऐलान
शिवराज बारवाल मीना
टोंक। स्मार्ट हलचल|कृषि पर्यवेक्षक संगठन संयुक्त समन्वय समिति प्रदेश संगठन की ओर से सोमवार, 31 अगस्त 2026 को कृषि विस्तार विभाग के सहायक निदेशक कार्यालय टोंक में ज्ञापन सौंपा गया। संगठन पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ज्ञापन के माध्यम से अपनी विभिन्न मांगों से अवगत कराया तथा आगामी आंदोलन के चरणों की जानकारी दी।
संगठन के टोंक जिलाध्यक्ष लडडू लाल मीणा (उखलाना) ने जानकारी देते हुए बताया कि मांगों के समाधान को लेकर प्रदेश संगठन के निर्णयानुसार 1 सितंबर 2026 से आंदोलन की चेतावनी दी गई है। आंदोलन के तहत विभिन्न चरणों में विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने के साथ कर्मचारियों द्वारा असहयोगात्मक कदम उठाए जाएंगे।
*31 अगस्त को सौंपा ज्ञापन*
ज्ञापन में बताया गया कि 31 अगस्त 2026 को पूरे प्रदेश में सहायक निदेशक कृषि विस्तार कार्यालयों में ज्ञापन दिया गया। इसी क्रम में टोंक में भी संगठन के पदाधिकारी एवं कर्मचारी कृषि विस्तार विभाग के कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया।
*1 सितंबर से व्हाट्सएप ग्रुप से लेफ्ट होने का निर्णय*
संगठन की ओर से जारी आंदोलन कार्यक्रम के अनुसार 1 सितंबर 2026 से सभी कार्मिक सरकारी व्हाट्सएप ग्रुप से लेफ्ट होंगे। इसके बाद 2 सितंबर को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। वहीं आंदोलन के अगले चरण में 8 सितंबर 2026 से गैर-कृषि कार्यों, उद्यान विभाग के कार्यों तथा खरीफ क्रॉप कटिंग का बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया है।
*संगठन के पदाधिकारी रहे मौजूद*
इस दौरान कृषि पर्यवेक्षक संगठन के टोंक जिलाध्यक्ष लड्डू लाल मीणा, ब्लॉक अध्यक्ष सुनीता मीणा, कन्हैयालाल नामा, दुर्गा शंकर माली सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं स्टाफ साथी मौजूद रहे। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों के समाधान को लेकर प्रदेश संगठन द्वारा चरणबद्ध आंदोलन का निर्णय लिया गया है। यदि समय रहते मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे और व्यापक किया जा सकता है।
