चांग गेट से अजमेरी गेट तक निकली जागरूकता रैली, विद्यार्थियों व विभिन्न संस्थाओं ने भी लिया हिस्सा
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|नगरीय आम चुनाव-2026 को लेकर बुधवार को स्वीप गतिविधियों के तहत दिव्यांग मतदान जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में दिव्यांगजनों के साथ विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्काउट-गाइड एवं एनसीसी के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार सुबह 11 बजे चांग गेट से शुरू हुई रैली पाली बाजार होते हुए अजमेरी गेट पहुंची। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने शहरवासियों को आगामी 9 एवं 11 सितम्बर को शत-प्रतिशत मतदान करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बिना किसी प्रलोभन, जाति, धर्म अथवा लालच के स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान करने का संदेश दिया।
दिव्यांगजनों ने अपनी सक्रिय भागीदारी के माध्यम से संदेश दिया कि लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक मत महत्वपूर्ण है। रैली के समापन पर चांग गेट पर सभी प्रतिभागियों ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ ली।
रैली में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया, उपखंड अधिकारी जयपाल सिंह राठौड़, स्वीप प्रकोष्ठ सह प्रभारी विशाल सिंह सोलंकी, जिला शिक्षा अधिकारी अनिल शर्मा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के उप निदेशक नितेश यादव सहित स्वीप टीम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। स्वयंसिद्धा आश्रम, स्काउट-गाइड, एनसीसी सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में दिव्यांगजन व विद्यार्थियों ने भाग लिया।
