तस्करों की कार से 40.450 किलो डोडा पोस्त बरामद

पुलिस को पीछा करते देख बलाड़ रोड पर झाड़ियों में कार छोड़कर फरार हुए तस्कर

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ ब्यावर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 40.450 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मारुति ब्रेजा कार को भी जब्त किया है। यह कार्रवाई जिला स्पेशल टीम एवं ब्यावर सिटी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया एवं वृत्ताधिकारी ब्यावर शहर नरेश पारिक के सुपरविजन में 3 सितंबर को जिला स्पेशल टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि विजयनगर की ओर से आ रही सफेद रंग की मारुति ब्रेजा कार में भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है।
सूचना पर स्पेशल टीम ने सेंदरिया पुलिया के पास नाकाबंदी कर निगरानी शुरू की। कुछ देर बाद संदिग्ध कार विजयनगर की ओर से आती दिखाई दी। टीम ने कार का पीछा करते हुए ब्यावर सिटी थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस की घेराबंदी के बीच तस्कर बलाड़ रोड पर झाड़ियों के पास कार छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस टीम ने कार की तलाशी ली तो उसकी डिक्की में डोडा पोस्त भरा मिला। तौल करने पर कुल 40.450 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ और कार जब्त कर प्रकरण दर्ज कर लिया है। फरार तस्करों की तलाश एवं मामले में अनुसंधान जारी है।
कार्रवाई टीम में ब्यावर सिटी थानाधिकारी आशुतोष पांडे, जिला स्पेशल टीम प्रभारी राजदीपेन्द्र सिंह, एएसआई रामजस व जितेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल भवानी सिंह तथा कांस्टेबल सुरेन्द्र, मनुपाल, शोभाग राम, अशोक कुमार और अभय सिंह शामिल रहे।