शिवराज बारवाल मीना
टोंक/उनियारा।स्मार्ट हलचल|नगर पालिका उनियारा के 20 वार्डों में 9 सितम्बर को होने वाले निकाय चुनाव को लेकर चुनाव प्रचार सोमवार शाम को थम गया हैं। सोमवार, 7 सितंबर 2026 की शाम 5 बजे चुनाव प्रचार का शोर थम जाने के बाद अब प्रत्याशी घर-घर संपर्क कर मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं।
नगर पालिका उनियारा में 9 सितंबर को मतदान होगा। चुनाव को लेकर निर्वाचन विभाग से रिटर्निंग अधिकारी (एसडीएम) उनियारा सुमन गुर्जर ने अपनी टीम के साथ सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। राजस्थान के प्रथम चरण के निकाय चुनाव में उनियारा सहित टोंक जिले की पांच नगर पालिकाओं में 9 सितंबर को मतदान होना है।
पुलिस प्रशासन की ओर से भी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था संभालने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पुलिस उपाधीक्षक उनियारा अशोक कुमार कानखेडिया के नेतृत्व में थानाधिकारी उनियारा ओम कंवर (पुलिस निरीक्षक) सहित गठित पुलिस टीमों द्वारा सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है।
*9,749 मतदाता करेंगे मतदान*
उनियारा नगरपालिका के 20 वार्डों में कुल 9,749 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 4,977 पुरुष और 4,772 महिला मतदाता शामिल हैं। प्रचार के अंतिम दिन भाजपा, कांग्रेस सहित निर्दलीय प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदाताओं से संपर्क कर चुनावी समीकरण अपने पक्ष में करने में जुटे हैं। उल्लेखनीय है कि उनियारा नगरपालिका के 20 वार्डों में कुल 80 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।