अनिल कुमार खींची
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|नगर निकाय चुनाव-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए ब्यावर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 7 सितंबर को रिजर्व पुलिस लाइन, ब्यावर में चुनाव ड्यूटी में लगाए गए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ब्रीफ किया गया।
पुलिस अधीक्षक रतन सिंह (आईपीएस) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित ब्रीफिंग में चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिस जाप्ते को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित कराने तथा चुनाव के दौरान पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने तथा आमजन के साथ विश्वास एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सभी जवान सतर्क रहें और अपने निर्धारित दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करें।
“सुरक्षित चुनाव, समृद्ध ब्यावर” के संकल्प के साथ पुलिस प्रशासन ने चुनाव व्यवस्था को लेकर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं।