किशन खटीक/
स्मार्ट हलचल|रायपुर 9 सितम्बर रायपुर क्षेत्र में पैंथर की लगातार मौजूदगी की सूचना से ग्रामीणों और किसानों में दहशत का माहौल बना हुआ है। खेतों में काम करने जाने वाले किसान अब अकेले जाने से भी कतरा रहे हैं। पैंथर की गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों में भय बना हुआ है। ग्रामीणों की सूचना के बाद वन विभाग भी सतर्क हो गया है। पैंथर को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम द्वारा आज दो अलग-अलग स्थानों पर पिंजरे लगाए जाएंगे। वन विभाग के फोरेस्टर तेजपाल सिंह चुण्डावत की टीम क्षेत्र में पैंथर की गतिविधियों पर नजर रख रही है। किसानों का कहना है कि खेतों के आसपास पैंथर की आवाजाही से उन्हें अपनी सुरक्षा की चिंता सता रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द पैंथर को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर ले जाने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में भय का माहौल समाप्त हो सके। वन विभाग की ओर से ग्रामीणों से सावधानी बरतने तथा रात के समय अकेले खेतों की ओर नहीं जाने की अपील की गई है।