ब्रेजा कार दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद दो आरोपी गिरफ्तार, जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 40 लाख रुपए
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ब्यावर सदर थाना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 248 किलो 140 ग्राम अवैध डोडा पोस्त और 940 ग्राम अफीम बरामद की। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक ब्यावर रतन सिंह के निर्देशन में एएनटीएफ टीम को मादक पदार्थ की तस्करी की विशेष सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर 8 सितंबर की मध्यरात्रि मकरेड़ा पुलिया, रामपुरा मेवातियान के पास नाकाबंदी कर ब्रेजा कार को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान कार मकरेड़ा पुलिया पर टक्कर लगने से दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
सूचना मिलने पर ब्यावर सदर थाना प्रभारी गजराज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एएनटीएफ टीम के साथ संयुक्त रूप से कार की तलाशी ली गई, जिसमें 248 किलो 140 ग्राम डोडा पोस्त तथा 940 ग्राम अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने मामले में लेखाराम उर्फ पीपी (28) पुत्र दौलतराम विश्नोई निवासी भोलजी भा की ढाणी खोखरियां, थाना कापरड़ा, जोधपुर ग्रामीण तथा सूर्यप्रकाश उर्फ सुरेश (26) पुत्र गोपाराम विश्नोई निवासी भालू कच्छब नगर कुम्भानिया, केतु कलां, थाना चामू, जोधपुर ग्रामीण को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थ की तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई को लेकर पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई में ये रहे शामिल: ब्यावर सदर थानाधिकारी गजराज, एएनटीएफ चौकी पाली के उप निरीक्षक सूरजभान सिंह, एएसआई महेन्द्र सिंह, हैड कांस्टेबल महेन्द्र सिंह, कांस्टेबल मांगीलाल, सुखपाल, स्वरूपराम, धर्माराम तथा एएनटीएफ पुलिस चौकी पाली व जोधपुर रेंज की टीम। कार्रवाई में कांस्टेबल भगाराम का विशेष योगदान रहा।