मूर्ति विसर्जन के दौरान नदी में डूबा युवक, छह घंटे बाद भी सुराग नहीं

 

गहरे पानी में उतरते ही तेज बहाव में बहा मनीष; एसडीएम और राज्यमंत्री ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू का लिया जायजा

खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव के पास शुक्रवार को मूर्ति विसर्जन के दौरान ससुर खदेरी नदी में एक युवक तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया। छह घंटे से अधिक समय तक पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय गोताखोरों की ओर से तलाश किए जाने के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं लग सका। नदी के तेज बहाव और गहराई के कारण रेस्क्यू अभियान में दिक्कतें आईं। खबर लिखे जाने तक युवक की तलाश जारी थी।
बैरी गांव निवासी मनीष कुमार (35) पुत्र राधेश्याम ग्रामीणों के साथ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर स्थापित मूर्ति का विसर्जन करने शुक्रवार सुबह ट्रैक्टर-ट्रॉली से दरियापुर स्थित ससुर खदेरी नदी पहुंचे थे। ग्रामीणों के मुताबिक, करीब 11:45 बजे मूर्ति विसर्जन के दौरान मनीष गहरे पानी में उतर गया। इसी दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से वह नदी में बह गया।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पत्नी मंजू देवी, बेटी महिमा (15), प्रिंस (11) और आनंद (10) रोते-बिलखते नदी तट पर पहुंच गए। सूचना पर खखरेरू पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में युवक की तलाश शुरू कराई गई।
सूचना पर खागा एसडीएम अश्वनी पांडेय भी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान का जायजा लिया। शाम करीब पांच बजे राज्य मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक कृष्णा पासवान भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्थानीय गोताखोर राममिलन, शिवदत्त, ओम प्रकाश और फक्कड़ समेत अन्य लोगों ने नदी में करीब 100 मीटर से अधिक क्षेत्र में जाल डालकर तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। छह घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी युवक का पता नहीं चलने से परिजन और ग्रामीण परेशान रहे। नदी के तेज बहाव और गहराई के कारण तलाश अभियान में मुश्किलें बनी रहीं।
थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि रेस्क्यू टीम आ रही है आने पर शव को ढूंढने का कार्य किया जाएगा