SET-2026: 1.77 लाख से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, 429 केंद्रों पर होगी OMR आधारित परीक्षा

सेट-2026: 1.78 लाख अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, 429 केंद्रों पर होगी परीक्षा
10 बजे बाद केंद्र में प्रवेश नहीं, मोबाइल समेत इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित

कोटा। स्मार्ट हलचल|राजस्थान राज्य पात्रता परीक्षा (SET)-2026 की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए कोटा विश्वविद्यालय ने परीक्षा संबंधी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इस वर्ष 1,77,901 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के लिए राज्य के सात संभागीय मुख्यालयों में कुल 429 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा 13 सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक ऑफलाइन ओएमआर आधारित प्रणाली से आयोजित होगी।राजस्थान सरकार के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार SET-2026 का आयोजन कोटा विश्वविद्यालय द्वारा कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। परीक्षा का आयोजन यूजीसी-नेट के नवीनतम मानकों के अनुरूप किया जाएगा। परीक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए कोटा विश्वविद्यालय में केंद्रीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।

कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत ने बताया कि परीक्षा की सुरक्षा, गोपनीयता और संवेदनशीलता से जुड़े सभी मानकों को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने और परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचने की अपील की।

प्रवेश के लिए ये दस्तावेज जरूरी

अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश-पत्र की रंगीन प्रति, मूल फोटोयुक्त पहचान-पत्र के रूप में केवल आधार कार्ड तथा ऑनलाइन आवेदन के समय अपलोड की गई फोटो से मेल खाती एक रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो साथ लानी होगी। अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग सुबह 9 से 10 बजे तक होगी। सुबह 10 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

समन्वयक सेट —2026 प्रो.धनश्याम शर्मा ने बताया कि प्रवेश-पत्र पर अंकित परीक्षा केंद्र और रोल नंबर के कोड को केवल सांकेतिक न मानते हुए परीक्षा केंद्र की वास्तविक लोकेशन पहले से सुनिश्चित कर लें। इसके लिए परीक्षा से एक दिन पूर्व केंद्र पर जाकर स्थान की जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी गई है, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मोबाइल, स्मार्ट वॉच और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित

परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, पुस्तक, नोट्स आदि ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। अभ्यर्थियों को आधी आस्तीन के हल्के रंग के कपड़े तथा कम हील वाली चप्पल या सैंडल पहनकर आने की सलाह दी गई है।
धार्मिक, पारंपरिक अथवा सांस्कृतिक पोशाक में आने वाले अभ्यर्थियों की सुरक्षा जांच के दौरान विशेष रूप से तलाशी ली जाएगी। अभ्यर्थी अपने साथ केवल काले या नीले बॉल पेन लेकर आएं। ओएमआर शीट पर व्हाइटनर, ब्लेड अथवा किसी अन्य वस्तु का प्रयोग नहीं किया जा सकेगा।

प्रश्न-पुस्तिका के सभी पृष्ठ जांचना जरूरी
परीक्षा के दौरान प्रश्न-पुस्तिका का वितरण लगभग सुबह 10:55 से 11 बजे के बीच किया जाएगा। अभ्यर्थियों को प्रश्न-पुस्तिका प्राप्त होते ही उसके सभी पृष्ठों की जांच करनी होगी और यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई पृष्ठ फटा, गायब अथवा पुनर्मुद्रित न हो। ओएमआर उत्तर-पत्र पर रोल नंबर, विषय, प्रश्न-पुस्तिका का कोड तथा अन्य आवश्यक विवरण अत्यंत सावधानी से अंकित करने होंगे। अनुचित साधनों का प्रयोग करते पाए जाने वाले अभ्यर्थियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों से परीक्षा से संबंधित नवीनतम सूचनाओं के लिए कोटा विश्वविद्यालय की वेबसाइट (http://www.uok.ac.in) का नियमित अवलोकन करने की अपील की है।