24 घंटे बाद एसडीआरएफ ने नदी से बरामद किया लापता युवक का शव

_मूर्ति विसर्जन के दौरान तेज बहाव में बह गया था मनीष, पत्नी और तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल_

खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव के पास ससुर खदेरी नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान तेज बहाव में बहे युवक मनीष का शव करीब 24 घंटे बाद शनिवार को एसडीआरएफ ने बरामद कर लिया। शव घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर मिला। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे मूर्ति विसर्जन के दौरान मनीष गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। सूचना पर स्थानीय पुलिस और क्षेत्रीय गोताखोरों ने करीब सात घंटे तक नदी में तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंधेरा होने पर रेस्क्यू अभियान रोक दिया गया। हालांकि पुलिस बल पूरी रात घाट पर तैनात रहा और नदी में लगाए गए जाल व संभावित स्थानों पर निगरानी करता रहा।

शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे लखनऊ से एसडीआरएफ की 16 सदस्यीय टीम मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे की तैयारी के बाद टीम ने नदी में रेस्क्यू शुरू किया। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर मनीष का शव बरामद कर लिया गया।

शव बाहर निकलते ही पत्नी मंजू देवी और बच्चे महिमा (13), प्रिंस (10) व आनंद (8) का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों की चीख-पुकार से मौके का माहौल गमगीन हो गया। बताया गया कि मनीष रेहड़ी लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना के संबंध में थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि शव को पंचनामा कर के पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है