गांव की प्रतिभाओं से लेकर युवा इनोवेटर्स तक को मिलेगा बड़ा मंच

 

Rajasthan Startup Quest 2026 में ब्लॉक से राज्य स्तर तक मिलेंगे लाखों के पुरस्कार

अनिल कुमार खींची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|राजस्थान सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग (DoIT&C) की ओर से प्रदेश में नवाचार, उद्यमिता और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए Rajasthan Startup Quest 2026 का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता की थीम “Innovate Rajasthan: Ideas for Viksit Bharat” रखी गई है। इसके माध्यम से ग्रामीण, जनजातीय, महिला और युवा इनोवेटर्स के नए एवं उपयोगी आइडिया को पहचान और प्रोत्साहन दिया जाएगा।

प्रतियोगिता का आयोजन ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर तीन चरणों में होगा। ब्लॉक स्तर पर चयनित टीमें जिला स्तर पर पहुंचेंगी, जबकि जिला स्तर की विजेता टीमें जयपुर में होने वाले तीन दिवसीय राज्य स्तरीय ग्रैंड फिनाले में भाग लेंगी।

प्रतियोगिता में ब्लॉक स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार क्रमशः 10 हजार, 5 हजार और 3 हजार रुपए होंगे। जिला स्तर पर 50 हजार, 25 हजार और 15 हजार रुपए, जबकि राज्य स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय विजेताओं को 5 लाख, 3 लाख और 2 लाख रुपए के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।

इसके अलावा ग्रामीण, महिला-नेतृत्व, जनजातीय क्षेत्र, सोशल इंपैक्ट और ग्रीन इनोवेशन के लिए एक-एक लाख रुपए के पांच विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

प्रतियोगिता में स्कूल-कॉलेज विद्यार्थी, युवा व स्थापित उद्यमी, स्टार्टअप, महिलाएं तथा ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों के इनोवेटर्स भाग ले सकते हैं। तकनीक, समाज, पर्यावरण और सुशासन से जुड़े नए आइडिया रखने वाले पात्र प्रतिभागियों को डिजिटल प्रमाणपत्र के साथ iStart के माध्यम से नि:शुल्क मेंटरशिप भी उपलब्ध कराई जाएगी।

इच्छुक प्रतिभागी 30 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं। आवेदन एवं अन्य जानकारी के लिए iStart राजस्थान पोर्टल पर संपर्क किया जा सकता है।