दुर्गम पर्वतीय अभियानों के साहस को मिली पहचान, नारी सशक्तिकरण समारोह में भीलवाड़ा की पर्वतारोही को मिला सम्मान
(पंकज पोरवाल)
उदयपुर/भीलवाड़ा ।स्मार्ट हलचल|पहाड़ों की ऊंचाइयों को अपने हौसले से नापने और दुर्गम रास्तों पर तिरंगा फहराकर भीलवाड़ा का नाम रोशन करने वाली पर्वतारोही शिवानी भरावा को उदयपुर में आयोजित नारी सशक्तिकरण एवं सम्मान समारोह में विशेष रूप से सम्मानित किया गया। नारी सक्षम संस्था की ओर से आयोजित समारोह की मुख्य अतिथि बॉलीवुड अभिनेत्री मंदाकिनी रहीं। उन्होंने शिवानी को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके साहस और उपलब्धियों की सराहना की। शिवानी भरावा अब तक कई कठिन और दुर्गम पर्वतीय मार्गों पर अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर चुकी हैं। उन्होंने विश्व के सबसे ऊंचे एवरेस्ट बेस कैंप (17598 फीट), केदारकांठा समिट, लद्दाख के चादर ट्रेक और कैलाश मानसरोवर यात्रा सहित कई ट्रेक पर तिरंगा फहराया है। मंदाकिनी ने कहा कि शिवानी जैसी बेटियां नारी शक्ति और आत्मविश्वास की प्रेरक मिसाल हैं। विपरीत परिस्थितियों में भी हौसला बनाए रखते हुए चुनौतियों को पार करना युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। सम्मान से अभिभूत शिवानी ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि भीलवाड़ा की हर बेटी का सम्मान है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर पर्वतारोहण, खेल और फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। समारोह में नारी सक्षम संस्था की अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और समाजसेवी मौजूद रहे।