नयागांव के पास टक्कर इतनी भीषण थी कि चकनाचूर हो गई बाइक; सदर थाना क्षेत्र के रूपाहेली निवासी भगवान बागरिया, पत्नी देऊ व बेटे रतन ने मौके पर ही तोड़ा दम, बीगोद सीएचसी मोर्चरी में रखवाए शव

नयागांव के पास टक्कर इतनी भीषण थी कि चकनाचूर हो गई बाइक; सदर थाना क्षेत्र के रूपाहेली निवासी भगवान बागरिया, पत्नी देऊ व बेटे रतन ने मौके पर ही तोड़ा दम, बीगोद सीएचसी मोर्चरी में रखवाए शव

सांवर वैष्णव)

सवाईपुर/बीगोद (स्मार्ट हलचल/नेशनल हाईवे 758 पर नयागांव के समीप शुक्रवार दोपहर एक हृदयविदारक सड़क हादसा घटित हुआ। एक कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में बाइक सवार दंपती सहित उनके 24 वर्षीय पुत्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि बाइक पूरी तरह से चकनाचूर हो गई। हादसे की सूचना पर बीगोद थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया।

टक्कर इतनी भीषण कि बाइक के उड़े परखच्चे

बीगोद थाना प्रभारी जय सुल्तान ने बताया कि नेशनल हाईवे 758 पर नयागांव के निकट कार और बाइक में आमने-सामने भिड़ंत हुई। भिड़ंत की भीषण आवाज सुनकर राहगीर और स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। दुर्घटना में बाइक सवार तीनों लोगों ने गंभीर चोटें लगने के कारण मौके पर ही दम तोड़ दिया।

🛑 सड़क हादसे में मृतकों का विवरण:

  • भगवान बागरिया (उम्र 67 वर्ष) पिता रोड़ा बागरिया (निवासी रूपाहेली, थाना सदर भीलवाड़ा)
  • देऊ बागरिया (उम्र 53 वर्ष) पत्नी भगवान बागरिया
  • रतन बागरिया (उम्र 24 वर्ष) पुत्र भगवान बागरिया

बीगोद मोर्चरी में रखवाए शव, परिजनों के आने पर होगा पोस्टमार्टम

पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को बीगोद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। परिजनों के अस्पताल पहुंचने के बाद पंचनामा तैयार कर शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर हाईवे पर यातायात को सुचारू कर दिया गया है।