छाजना में डॉ. सुनील और लेफ्टिनेंट खुशी पबड़ी का भव्य नागरिक सम्मान

सेना के JAG विंग में चयनित खुशी ने बढ़ाया समाज का गौरव, डॉ. सुनील की उपलब्धि पर भी ग्रामीणों ने किया सम्मान

खंडेला (सीकर)।स्मार्ट हलचल|उपखंड के छाजना गांव में गुरुवार को गांव की दो प्रतिभाओं की उपलब्धियों का जश्न मनाया गया। डॉ. सुनील पबड़ी और भारतीय सेना के जज एडवोकेट जनरल (JAG) विंग में चयनित लेफ्टिनेंट खुशी पबड़ी के सम्मान में नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में सैकड़ों ग्रामीणों के साथ क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सेना से जुड़े सेवानिवृत्त अधिकारी और समाज के गणमान्य लोग शामिल हुए।

समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा रहे। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री महादेव सिंह खंडेला, खंडेला विधायक सुभाष मील, सेवानिवृत्त आईएएस के.एल. मीणा, सेवानिवृत्त एडीजी (रक्षा मंत्रालय) धर्मपाल सिंह मीणा, सेवानिवृत्त डीआईजी रामदेव सिंह खर्रा, आर्य स्कूल के संचालक एवं सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर बी.आर. आर्या, खंडेला डीएसपी मंजू बिश्नोई और आदिवासी समाज के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह मीणा विशिष्ट अतिथि रहे।

लेफ्टिनेंट खुशी का चयन बना समारोह का आकर्षण

समारोह में लेफ्टिनेंट खुशी पबड़ी विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय सेना के JAG विंग में चयन और कठिन सैन्य प्रशिक्षण पूरा करना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि खुशी की सफलता परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे गांव, क्षेत्र और समाज के युवाओं को उच्च लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा मिलेगी।

वक्ताओं ने कहा कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। खुशी ने सैन्य क्षेत्र जैसे चुनौतीपूर्ण करियर को चुनकर नई पीढ़ी के सामने उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनकी उपलब्धि विशेष रूप से Gen-Z और Gen-Alpha पीढ़ी के बच्चों को शिक्षा, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देती है।

चिकित्सा क्षेत्र में डॉ. सुनील की उपलब्धि भी सराही

समारोह में प्रसिद्ध सर्जन डॉ. सुनील पबड़ी की उपलब्धियों को भी सम्मानित किया गया। डॉ. सुनील, एसएमएस अस्पताल के पूर्व अधीक्षक डॉ. डी.एस. मीणा के सुपुत्र हैं। वहीं लेफ्टिनेंट खुशी पबड़ी, डॉ. डी.एस. मीणा के बड़े भाई प्रोफेसर बन्नालाल मीणा की पोती हैं। एक ही परिवार की इन प्रतिभाओं ने चिकित्सा और सैन्य क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल कर गांव और परिवार का गौरव बढ़ाया है।

माला, साफा और प्रतीक चिन्ह भेंट कर किया सम्मान

समारोह में दोनों प्रतिभाओं को माला पहनाकर, साफा बांधकर और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। ग्रामीणों ने तालियों के साथ दोनों की उपलब्धियों का अभिनंदन किया। समारोह के दौरान छाजना सहित आसपास के गांवों में भी उत्साह और गर्व का माहौल नजर आया।

कार्यक्रम में सेवानिवृत्त सीआई दुर्गा प्रसाद, जयपुर नगर निगम के सेवानिवृत्त सचिव सांवरमल, डॉ. सुरेंद्र, रक्षा मंत्रालय से जुड़े स्पेशल डीजी प्रह्लाद, सेवानिवृत्त कार्यकारी निदेशक (आईओसी) चूरामन, भागीरथ, एएसआई, रेलवे के गोकुल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

वक्ताओं ने कहा कि गांव की प्रतिभाओं की उपलब्धियों का सार्वजनिक सम्मान नई पीढ़ी को आगे बढ़ने का रास्ता दिखाता है। डॉ. सुनील और लेफ्टिनेंट खुशी की सफलता से क्षेत्र के बच्चों में शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, चिकित्सा और रक्षा सेवाओं में आगे बढ़ने का उत्साह पैदा होगा।