बी एम राठौर
न्यूज
स्मार्ट हलचल|सांगोद 18 सितम्बर को सांगोद-कोटा मार्ग पर मालबावड़ी के पास शुक्रवार सुबह करीब 11:20 बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ। करवाड़ निवासी सोहेल खान (30) मोड़क में रिश्तेदार के जनाजे में शामिल होकर अपनी पत्नी और दो मासूम बेटियों के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे। सांगोद से घानाहेड़ा की ओर जा रहे बाइक सवार श्यामबिहारी ने अत्यधिक शराब के नशे में, तेज रफ्तार से और गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में आकर सोहेल की बाइक को सीधी टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि सोहेल खान और उनकी 5 वर्षीय पुत्री अलीजा की मौके पर ही मौत हो गई। सोहेल की पत्नी के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उनकी गोद में मौजूद 2 वर्षीय मासूम बच्ची चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गई। हादसे के बाद आरोपी श्यामबिहारी का साथी मौके से फरार हो गया, जबकि खुद गंभीर रूप से घायल श्यामबिहारी को प्राथमिक उपचार के बाद कोटा रेफर किया गया है। राहगीरों की मदद से हताहतों को सांगोद उप-जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।