मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहे क्लीनिक पर छापा, एक सीज

पाल क्लीनिक में लाइसेंस मिला, प्रेमिला मेडिकल स्टोर के पीछे छह बेड का अस्पताल मिला; कागजात न दिखाने पर कार्रवाई

खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर विजयीपुर के सतगुरु क्लीनिक में चार वर्षीय बच्ची की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। रविवार दोपहर डिप्टी सीएमओ पीके सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रक्षपालपुर में मेडिकल स्टोर और क्लीनिकों की जांच की। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही कई संचालक शटर गिराकर मौके से हट गए।
टीम ने रक्षपालपुर स्थित पाल क्लीनिक की जांच की। डिप्टी सीएमओ के अनुसार मौके पर क्लीनिक का लाइसेंस मिला। संचालक को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके बाद टीम ने प्रेमिला मेडिकल स्टोर एवं क्लीनिक पर छापा मारा। मेडिकल स्टोर के पीछे छह बेड का अस्पताल संचालित मिला। टीम ने क्लीनिक संचालन से संबंधित अभिलेख मांगे, लेकिन संचालक कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर डिप्टी सीएमओ ने क्लीनिक को सीज कर दिया।
डिप्टी सीएमओ पीके सिंह ने बताया कि सतगुरु क्लीनिक में चार वर्षीय बच्ची की मौत के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर क्षेत्र में मेडिकल स्टोर की आड़ में संचालित क्लीनिक और अन्य अवैध चिकित्सा प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।