ऊंट-घोड़े, रथ, बैंड-बाजे और आकर्षक झांकियों ने बांधा समां, पुष्प-गुलाल की बारिश के बीच धर्म तलाई पहुंची शोभायात्रा
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल।मांडल तहसील के पीथास गांव में मंगलवार को जलझूलनी एकादशी पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भगवान श्री चारभुजा नाथ का आकर्षक श्रृंगार कर विभिन्न मंदिरों के बेवान के साथ निकली भव्य शोभायात्रा ने पूरे गांव को भक्तिमय कर दिया। रास्तेभर जयकारों और भजनों की गूंज सुनाई दी।
गायक कलाकार आयुष शर्मा, धनराज कोशीथल, पीयूष शर्मा और अर्पित राव ने भक्ति गीतों की ऐसी प्रस्तुति दी कि श्रद्धालु खुद को रोक नहीं पाए और भजनों की धुन पर जमकर झूमे। बी.एन. इवेंट्स पीथास की ओर से शोभायात्रा पर पुष्प एवं गुलाल की वर्षा की गई।
शोभायात्रा में मशक, ढोल, ऊंट, घोड़े, रथ, बैंड-बाजे और आकर्षक झांकियां मुख्य आकर्षण रहीं। गांव के प्रमुख मार्गों से होती हुई शोभायात्रा धर्म तलाई पहुंची, जहां श्रद्धा और विधि-विधान के साथ भगवान ठाकुरजी को जल में झुलाने की पारंपरिक रस्म निभाई गई।
पीथास सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। जलझूलनी एकादशी पर पूरा पीथास भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। श्रद्धालुओं ने चारभुजा नाथ के दर्शन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।