बिजयनगर में मानसिक स्वास्थ्य शिविर, 36 प्रभुजनों की हुई जांच और काउंसलिंग

बिजयनगर में मानसिक स्वास्थ्य शिविर, 36 प्रभुजनों की हुई जांच और काउंसलिंग

अनिल कुमार खींची

स्मार्ट हलचल। ब्यावर । राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जिले में चल रहे मानसिक स्वास्थ्य माह के अंतर्गत मंगलवार को मानव सेवा अपना घर आश्रम, बिजयनगर में मानसिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आश्रम में निवासरत 36 प्रभुजनों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक जांच की गई तथा मानसिक स्वास्थ्य संबंधी काउंसलिंग की गई।

 

जिला नोडल अधिकारी एवं मनोरोग चिकित्सक डॉ. अनिरुद्ध भार्गव ने प्रभुजनों से संवाद कर उनके मानसिक स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने तनाव, चिंता एवं अवसाद से बचाव के उपाय बताते हुए समय रहते मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान कर उचित परामर्श एवं उपचार लेने की आवश्यकता पर जोर दिया।

 

शिविर के दौरान डॉ. भार्गव ने आश्रम में प्रभुजनों के रहन-सहन, खान-पान एवं देखभाल की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। मानसिक रोगियों के उपचार के लिए आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था मानव सेवा अपना घर आश्रम एवं उप जिला चिकित्सालय, बिजयनगर के माध्यम से की जा रही है।

 

इस दौरान चिकित्सा अधिकारियों एवं कार्मिकों को मानसिक स्वास्थ्य माह के तहत आमजन को जागरूक करने और जरूरतमंद लोगों तक मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।